हेडलाइन:
पूर्णिया में पति-पत्नी का शातिर गैंग बेनकाब: ज्वेलरी शॉप से गहने और मोबाइल उड़ाने वाले दंपति गिरफ्तार
पूर्णिया। जिले के बायसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी और पॉकेटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर पति-पत्नी के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला समेत उसके पति को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में कैश, सोना-चांदी के जेवर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
घटना की जानकारी देते हुए बायसी थानाध्यक्ष शिव कुमार पासवान ने बताया कि यह दंपति लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और बेहद चालाकी से भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मल्हरिया गांव निवासी मंत्री देवी और उसके पति विक्टर अर्जुन सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मिलकर संगठित तरीके से गिरोह चला रहे थे। ये लोग भीड़भाड़ वाले बाजार, ज्वेलरी दुकानों और ऑटो-टोटो में बैठे लोगों को निशाना बनाते थे। ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर घुसना, दुकानदार का ध्यान भटकाना और पलक झपकते सोने-चांदी के गहने पार कर देना इनकी खास शैली थी।
बंद घरों को भी बनाते थे निशाना
यह गिरोह सिर्फ बाजारों तक सीमित नहीं था, बल्कि खाली पड़े घरों को भी निशाना बनाता था। वहां से नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन को बेचने के लिए इन्होंने अलग नेटवर्क तैयार कर रखा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता ने बायसी थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
छापेमारी में बड़ी बरामदगी
जांच के दौरान पहले मंत्री देवी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 13 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उसने पूरे गिरोह की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, जहां से 1 लाख 47 हजार रुपये नकद, सोना-चांदी के जेवर और 18 मोबाइल फोन बरामद किए गए। कुल मिलाकर करीब 1 लाख 60 हजार रुपये कैश की बरामदगी हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के नेटवर्क की जांच जारी है।