Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:कुमारखंड में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, नए शैक्षणिक सत्र के साथ CBSCS प्रणाली की शुरुआत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 1, 2026

MADHEPURA:कुमारखंड में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, नए शैक्षणिक सत्र के साथ CBSCS प्रणाली की शुरुआत

कुमारखंड में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, नए शैक्षणिक सत्र के साथ CBSCS प्रणाली की शुरुआत
मधेपुरा/कुमारखंड। राजकीय डिग्री कॉलेज कुमारखंड में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र के साथ कॉलेज का औपचारिक शुभारंभ किया गया। बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के 211 राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापना लक्ष्य के तहत यह पहल क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
महाविद्यालय का उद्घाटन प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने किया। इस अवसर पर छात्र नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता पिन्टु यादव, अर्थपाल उदित नारायण मंडल, राजनीतिक शास्त्र विभाग के कालानंद मंडल, अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. सुशांत कुमार सिंह सहित कई शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में के. पी. कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. महेंद्र मंडल तथा हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतीक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
अपने संबोधन में डॉ. अशोक कुमार झा ने कहा कि बिहार सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को विद्यार्थियों के घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक राज्य में 211 राजकीय डिग्री कॉलेज शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें कुमारखंड का यह कॉलेज भी शामिल है।
उन्होंने यह भी बताया कि नए शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में सीबीसीएस (Choice Based Credit System) के तहत पढ़ाई शुरू हो गई है। इस प्रणाली से छात्रों को विषय चयन में अधिक स्वतंत्रता, बहुविषयक अध्ययन और रोजगारोन्मुख शिक्षा का लाभ मिलेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता पिन्टु यादव ने कहा कि कुमारखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना से ग्रामीण युवाओं के भविष्य को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने मांग की कि महाविद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, आधुनिक पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने महाविद्यालय के सफल संचालन तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने विश्वास जताया कि राजकीय डिग्री कॉलेज कुमारखंड आने वाले समय में क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।