Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:स्टेशन पर ‘ऑपरेशन सतर्क’ की कार्रवाई: 18 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन संविदाकर्मी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 27, 2026

BIHAR:स्टेशन पर ‘ऑपरेशन सतर्क’ की कार्रवाई: 18 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन संविदाकर्मी गिरफ्तार

हेडलाइन:
गया स्टेशन पर ‘ऑपरेशन सतर्क’ की कार्रवाई: 18 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन संविदाकर्मी गिरफ्तार

गया:
गया रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन संविदाकर्मियों को 18 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹19,800 बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रेसुब पोस्ट गया की टीम उनि जावेद इकबाल के नेतृत्व में स्टेशन के वाशिंग पिट और कोचिंग डिपो क्षेत्र में नियमित गश्ती कर रही थी। इस दौरान टीम में प्रधान आरक्षी विवेकानंद शर्मा, आरक्षी राकेश कुमार सिंह, शशि शेखर, अमित कुमार और देवेंद्र प्रसाद सहित अन्य जवान शामिल थे। अभियान में रेसुब सीआईबी गया, सीपीडीएस गया और जीआरपी थाना गया की टीम भी संयुक्त रूप से शामिल रही।

संदिग्ध हालत में घूमते मिले तीन युवक
गश्ती के दौरान पुलिस टीम को तीन व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए। शक के आधार पर कोचिंग डिपो परिसर में पोल संख्या MBH/4 और MBH/5 के बीच घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान जहानाबाद निवासी दीपक कुमार (28), गया निवासी गोरेलाल कुमार (25) और सुभाष कुमार (27) के रूप में हुई।

बैग की तलाशी में मिला शराब का जखीरा
तलाशी के दौरान आरोपियों के पिट्ठू बैग और झोलों से कुल 18 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली से महाबोधि एक्सप्रेस के जरिए शराब लेकर आए थे और ट्रेन के पैंट्री कार में वेंडिंग का काम करते हैं।

मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना गया लाया गया, जहां उनि जावेद इकबाल के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 86/2026 दर्ज किया गया है। मामला बिहार मद्य निषेध अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत पंजीकृत किया गया है।

रेलवे आरपीएफ थाना अध्यक्ष बनारसी यादव ने बताया कि ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।