नालंदा में महिला पदाधिकारी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार: 12 हजार लेते ही निगरानी का छापा
नालंदा | बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक बड़ा मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री के गृह जिला नालंदा के नगरनौसा प्रखंड में तैनात पंचायती राज पदाधिकारी अनुष्का कुमारी को निगरानी विभाग की टीम ने 12 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के मुताबिक, अनुष्का कुमारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत निगरानी विभाग को मिली थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पटना से टीम नालंदा पहुंची और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया गया।
रिश्वत लेते ही टीम ने मारा छापा
बताया जा रहा है कि जैसे ही महिला पदाधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, मौके पर पहले से मौजूद निगरानी टीम ने तुरंत छापा मारकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए।
पटना ले जाकर होगी पेशी
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी पदाधिकारी को अपने साथ पटना ले गई है। जहां उसे स्पेशल निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार पर लगातार कार्रवाई
बिहार में निगरानी विभाग लगातार भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। इस गिरफ्तारी को उसी कड़ी में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।