Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रेल लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़, तहखाने से 1 करोड़ के सोना-चांदी बरामद, 2 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 19, 2026

BIHAR:रेल लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़, तहखाने से 1 करोड़ के सोना-चांदी बरामद, 2 गिरफ्तार

हेडलाइन:
भागलपुर में रेल लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़, तहखाने से 1 करोड़ के सोना-चांदी बरामद, 2 गिरफ्तार

भागलपुर। रेल सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में यात्रियों से लूटपाट करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित एक किराए के मकान से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के 500 ग्राम सोने और डेढ़ किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में दो प्रमुख आरोपियों संजय यादव और पलटू सहनी को गिरफ्तार किया गया है।

सुबह 4:45 बजे मिली संदिग्ध सूचना
रेल एसआरपी विद्यासागर ने बताया कि जीआरपी इंस्पेक्टर नसीम अहमद को सुबह करीब 4:45 बजे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने आरपीएफ इंस्पेक्टर ए.के. गिरी के साथ संयुक्त अभियान चलाया। शुरुआती जांच में संबंधित ट्रेन में कुछ हाथ नहीं लगा, लेकिन जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की जांच के दौरान दोनों आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।

तहखाने में छिपा था आभूषणों का जखीरा
पूछताछ के बाद संजय यादव की निशानदेही पर महेशपुर स्थित किराए के मकान में छापेमारी की गई। मकान के एक कमरे में बनाए गए तहखाने से झोले में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इनमें 13 सोने के कंगन, 5 चैन, 6 लॉकेट चेन, दो मोती माला, चूड़ी, मांग टीका, चांदी के पायल और जितिया सहित कई कीमती गहने शामिल हैं। साथ ही आरोपियों के पास से अमेरिकी, मलेशियाई और ऑस्ट्रेलियाई डॉलर भी बरामद हुए हैं।

अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े तार, 15 अन्य सदस्य रडार पर
पुलिस के अनुसार संजय यादव मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र का निवासी है और वह एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ा हो सकता है। वहीं पलटू सहनी परबत्ता राघोपुर का रहने वाला है। पूछताछ में दोनों ने शहर के दो ज्वेलर्स के नाम भी बताए हैं, जिन्हें पुलिस ने निगरानी में रखा है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ट्रेनों में पॉकेटमारी कर वारदात को अंजाम देते थे। इनके पास से ब्लेड भी बरामद हुआ है। गिरोह में करीब 15 अन्य सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
रेल अधिकारियों ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें लगातार ट्रेनों और स्टेशन क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों में भय पैदा होगा और यात्रियों की सुरक्षा और मजबूत होगी।