Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सड़क हादसे का शिकार BMP हवलदार की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, March 19, 2026

BIHAR:सड़क हादसे का शिकार BMP हवलदार की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

हेडलाइन:
बगहा में सड़क हादसे का शिकार BMP हवलदार की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम


बगहा/आरा: पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा में एडीएम ऑफिस के पास हुए सड़क हादसे में घायल बीएमपी हवलदार सत्येंद्र कुमार सिंह (55) की मौत हो गई। वे भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के निवासी थे।

परिजनों के अनुसार, सत्येंद्र कुमार सिंह बगहा अनुमंडल में एडीएम आवास पर ड्यूटी में तैनात थे। 16 मार्च की सुबह किसी काम से जाते समय एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सहकर्मियों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

बताया गया कि पटना में इलाज कराने के बाद उन्हें वापस गांव लाया गया था। लेकिन बुधवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें आरा सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के परिवार में पत्नी सीता देवी, दो पुत्री प्रियंका और प्रिया तथा दो पुत्र सुधीर और सुभाष हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।