हेडलाइन:
सहरसा में ईंट भट्ठा पर फायरिंग से हड़कंप: महिला घायल, 7 नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू; संचालक हिरासत में, मजदूरों ने लगाए प्रताड़ना के गंभीर आरोप
सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के धमसैनी वार्ड-46 स्थित एक ईंट भट्ठा पर रविवार को फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक महिला मजदूर घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भट्ठा परिसर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
घायल महिला की पहचान असम निवासी 35 वर्षीय मलिकाबीबी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भट्ठा संचालक द्वारा ही उसका इलाज करवाया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला को एयर गन से गोली मारी गई है।
घटना के बाद भट्ठा पर काम कर रहे मजदूरों ने संचालक पर जबरन काम कराने, मारपीट और अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों का कहना है कि उन्हें असम से मजदूरी के लिए लाया गया था, लेकिन यहां उनके साथ बंधक बनाकर काम कराया जाता था। विरोध करने पर बिजली का करंट देकर प्रताड़ित किया जाता था। महिला मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार और रात में जबरन ले जाने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भट्ठा परिसर से 7 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया है, जिनसे थाने में पूछताछ की जा रही है।
मामले में पुलिस ने भट्ठा संचालक ओवैस करनी उर्फ चुन्ना मियां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लाइन डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि निष्पक्ष जांच के लिए माइनिंग विभाग को भी बुलाया गया है। संदिग्ध कमरे को सील किया जाएगा और एफएसएल टीम से भी जांच कराई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मजदूरों के आरोपों के बाद प्रशासन इस पूरे मामले की कई पहलुओं से गहन जांच में जुट गया है।