Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:NH-27 पर 324 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार: कार जब्त, तीसरा आरोपी फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 29, 2026

SUPAUL:NH-27 पर 324 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार: कार जब्त, तीसरा आरोपी फरार

हेडलाइन:
NH-27 पर 324 लीटर शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार: कार जब्त, तीसरा आरोपी फरार

सुपौल/छातापुर:
भीमपुर थाना पुलिस ने रविवार को गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 324 लीटर विदेशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कार में सवार एक अन्य तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

थानाध्यक्ष मिथिलेश पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की मारुति सुजुकी कार से एनएच-27 के रास्ते शराब की खेप सिमराही की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही गश्ती दल को अलर्ट किया गया।

पुलिस द्वारा कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने बीआर 38 एजे 9965 नंबर की कार का पीछा कर वार्ड संख्या-7 के पास उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से 36 कार्टन में 300 एमएल की कुल 1080 बोतल यानी 324 लीटर शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के देवीगंज वार्ड-4 निवासी निकेश कुमार बहरदार और भरगामा थाना क्षेत्र के महथावा वार्ड-14 निवासी सुमन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को जब्त कर लिया है तथा तीनों तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।