हेडलाइन:
मधेपुरा में किराना दुकानदार को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 अपराधी अवैध हथियार और गोली के साथ दबोचे गए
खबर:
मधेपुरा में कॉलेज चौक स्थित एक किराना दुकानदार को गोली मारकर जख्मी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार, जिंदा गोली, लूटी गई नकदी और मोबाइल के साथ पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल 25 फरवरी 2026 की रात मधेपुरा थाना और भर्राही थाना क्षेत्र में दो बड़ी आपराधिक घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के सफल उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक मधेपुरा के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही थी।
इसी क्रम में 10 मार्च 2026 की रात करीब 1:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि भर्राही थाना क्षेत्र के महेशुआ से बरमोत्तर जाने वाली कच्ची सड़क पर कुछ अपराधी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों में
- विकास कुमार (22 वर्ष), पिता सुरेश मेहता, निवासी इनुमान नगर चौरा, थाना भर्राही
- मनखुश कुमार (22 वर्ष), पिता विरेन प्रसाद यादव, निवासी विशनपुर, थाना कुमारखंड
- गुलशन कुमार (20 वर्ष), पिता शत्रुघ्न यादव, निवासी तुलसीबाड़ी, थाना मधेपुरा
- सत्यम कुमार (17 वर्ष), पिता प्रभाष यादव, निवासी चंदनपुर, थाना मधेपुरा
- मो. इरशाद (33 वर्ष), पिता स्व. मो. तैराफ, निवासी पोखरिया टोला, थाना श्रीनगर
पुलिस ने इनके पास से दो देशी कट्टा, तीन जिंदा गोली, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और लूटी गई 5500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि अजय कुमार नामक व्यक्ति ने दो दिन पहले ही कॉलेज चौक स्थित किराना दुकानदार की रेकी की थी। 24 फरवरी को योजना के तहत सभी आरोपी मोटरसाइकिल से दुकान पर पहुंचे और सिगरेट व गुटखा मांगने के बहाने लूटपाट की कोशिश करने लगे। इसी दौरान दुकानदार के साथ हाथापाई हुई और विकास कुमार ने दुकानदार के मुंह में गोली मार दी। इसके बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
अपराधियों ने आगे बताया कि उसी रात उन्होंने तेजनारायण गुप्ता के घर में भी घुसकर उन्हें और उनकी पत्नी को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और नकदी व जेवरात लूट लिए। बाद में रायभीड़ चौक के पास लूटा हुआ सामान आपस में बांट लिया।
इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 21/26 तथा भर्राही थाना कांड संख्या 71/26 के तहत विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।