Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शादी का झांसा देकर 7 साल तक शोषण का आरोप: सीतामढ़ी के बैरगनिया थानाध्यक्ष पर छात्रा ने दर्ज कराया मामला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, March 11, 2026

BIHAR:शादी का झांसा देकर 7 साल तक शोषण का आरोप: सीतामढ़ी के बैरगनिया थानाध्यक्ष पर छात्रा ने दर्ज कराया मामला

हेडलाइन:
शादी का झांसा देकर 7 साल तक शोषण का आरोप: सीतामढ़ी के बैरगनिया थानाध्यक्ष पर छात्रा ने दर्ज कराया मामला

पटना/सीतामढ़ी:
सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना के थानाध्यक्ष राहुल कुमार पर एक छात्रा ने शादी का झांसा देकर सात वर्षों तक शारीरिक और मानसिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में पटना के शास्त्री नगर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता सहरसा जिले की रहने वाली है और पटना में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात राहुल कुमार से हुई, जो उस समय पुलिस विभाग में कार्यरत थे। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। छात्रा का आरोप है कि राहुल कुमार ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे में सात वर्षों तक उसका शोषण करता रहा।

अचानक दूसरी लड़की से कर ली शादी
पीड़िता का कहना है कि राहुल लगातार उससे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन 9 मार्च को उसने अचानक किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। यह जानकारी मिलने पर पीड़िता को गहरा सदमा लगा और उसने कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

बताया जा रहा है कि जिस राहुल कुमार पर आरोप लगाया गया है, वह वर्तमान में सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना में थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थापित हैं। मामले में पीड़िता और थानाध्यक्ष की कुछ तस्वीरें और एक कथित ऑडियो क्लिप भी सामने आने की बात कही जा रही है।

फेसबुक पोस्ट से खुला शादी का राज
यह मामला तब सार्वजनिक हुआ जब रीगा के विधायक बैद्यनाथ प्रसाद ने अपनी फेसबुक आईडी पर राहुल कुमार के तिलक समारोह में शामिल होने की तस्वीर पोस्ट की। इस पोस्ट को देखने के बाद ही पीड़िता को राहुल की शादी की जानकारी मिली। इसके बाद उसने राहुल को फोन कर बातचीत की, जिसका कथित ऑडियो भी सामने आया है।

एसपी बोले- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
इस मामले को लेकर सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई आधिकारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़िता की ओर से आवेदन मिलता है तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।