हेडलाइन:
खगड़िया में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़: 408 ग्राम हीरोइन के साथ चार गिरफ्तार, बाइक जब्त
खगड़िया: मुफस्सिल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीते रविवार रात संध्या गश्ती के दौरान मोरकाही एनएच-31 पर वाहन चेकिंग के क्रम में पुलिस ने स्मैक (हीरोइन) की बड़ी खेप के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्करों के पास से कुल 408 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 09AZ 3230) को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी आकाश कुमार, मिट्ठु कुमार और शिवम कुमार के रूप में हुई है। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 40/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह, एसआई दिनेश कुमार सिंह, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम शामिल थी।