Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:एक ही दिन में दो चिताएं: पोते के सदमे में दादा की भी मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 24, 2026

SAHARSA:एक ही दिन में दो चिताएं: पोते के सदमे में दादा की भी मौत

सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। बलवाहाट थाना क्षेत्र के चपराव गांव के वार्ड संख्या 14 में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव उसके घर के सामने स्थित पोखर में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया।मिली जानकारी के अनुसार, चपराव गांव निवासी भूपेंद्र सादा का पुत्र शिवधन कुमार रविवार की दोपहर घर से खेलने के लिए निकला था।

देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर स्वजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच परिजनों ने बलवाहाट थाना में लिखित आवेदन देकर किशोर की बरामदगी की गुहार लगाई थी।

इधर, मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने घर के समीप पोखर में एक शव को तैरता देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह लापता किशोर शिवधन कुमार का निकला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की मां सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना पर बलवाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

घटना की खबर मिलते ही प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी, मुन्ना भगत, पंसस परितोष कुमार अंशु, गुलशन मल्लिक, मनोज रजक, सुभाष राम व मु. आरजू सहित कई जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

साथ ही प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं, स्थानीय विधायक संजय सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

पोते के वियोग में दादा की भी थमी सांसे

लापता किशोर की तलाश के बीच ही उसके दादा बंगाली सादा (65 वर्ष) की तबीयत बिगड़ गई थी। मंगलवार को जैसे ही उन्हें अपने पोते का शव पोखर में मिलने की खबर मिली, वे सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने भी दम तोड़ दिया।