Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में दिनदहाड़े राजमिस्त्री का अपहरण, 4.02 लाख और मोबाइल लूट; मक्के के खेत से भागकर बचाई जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, March 1, 2026

मधेपुरा में दिनदहाड़े राजमिस्त्री का अपहरण, 4.02 लाख और मोबाइल लूट; मक्के के खेत से भागकर बचाई जान

मधेपुरा में दिनदहाड़े राजमिस्त्री का अपहरण, 4.02 लाख और मोबाइल लूट; मक्के के खेत से भागकर बचाई जान

मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक राजमिस्त्री का अपहरण कर उससे 4 लाख 2 हजार रुपए और मोबाइल लूट लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया और पीड़ित को मक्के के खेत में बंधक बनाकर छोड़ दिया। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला।

बालम गढ़िया वार्ड तीन निवासी सुनील रजक (38) ने बताया कि वह राजमिस्त्री होने के साथ दूध का कारोबार भी करता है। उसने लगभग 3.90 लाख रुपए कर्ज लेकर 10 गाय खरीदी है। बेटी की शादी के लिए घर में रखे 4.02 लाख रुपए को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से वह 28 फरवरी की सुबह करीब 10:15 बजे पैसे बाइक की डिक्की में रखकर 30 लीटर दूध के साथ मधेपुरा जा रहा था।

करीब 10:30 बजे गढ़िया चौक से आगे नहर के पास सुनसान जगह पर पीछे से आ रही लाल रंग की सुमो गाड़ी ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। गाड़ी से उतरे 4-5 बदमाशों ने हथियार के बल पर उसे कब्जे में ले लिया। पीड़ित ने दो आरोपियों की पहचान पहाड़पुर (सहरसा) निवासी बबलू यादव और अख्तर मियां के रूप में की है।

बदमाशों ने धमकी देकर बाइक की डिक्की खुलवाई और 4.02 लाख रुपए निकाल लिए। साथ ही जेब से रेडमी कंपनी का मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर करीब डेढ़ घंटे तक घुमाते रहे और फिर एक मक्के के खेत में बने मचान पर बंधक बनाकर छोड़ दिया।

पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद पहरा दे रहा एक बदमाश सो गया। मौका पाकर वह वहां से भाग निकला और मंजौरा गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों की मदद से वह थाना पहुंचा, जहां से उसे सुरक्षित मधेपुरा लाया गया।

सुनील रजक ने आशंका जताई है कि तीन साल पहले बबलू यादव के घर निर्माण कार्य के दौरान पहचान हुई थी। हाल के दिनों में आरोपी उस पर एक विवादित जमीन पर जबरन काम करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर ही इस घटना को अंजाम दिया गया।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।