सिमरी बख्तियारपुर में डायल 112 टीम पर हमला: बंधक युवकों को छुड़ाने पहुंची पुलिस से धक्का-मुक्की, 5 नामजद समेत 15 पर एफआईआर
सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिन्दुपुर गांव में बंधक बनाए गए दो युवकों को छुड़ाने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस पर हमले का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उग्र भीड़ को पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते और सरकारी कार्य में बाधा डालते देखा जा सकता है।
5 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और पूर्व वार्ड सदस्य निर्मल यादव को गिरफ्तार कर रविवार को सहरसा न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर 12:52 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि हिन्दुपुर गांव में दो युवकों को ग्रामीणों ने एक घर में बंधक बना रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पहले से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
बिना अनुमति फोटो खींचने पर विवाद, ग्रामीणों ने धर दबोचा
बंधक बनाए गए युवकों की पहचान सहरसा के सिरादेय पट्टी (कहरा, वार्ड संख्या 07) निवासी भैरव कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों युवक बिना अनुमति एक घर में घुसकर मोबाइल से फोटो खींच रहे थे। इसी आरोप में उन्हें पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया गया था।
पुलिस ने दोनों युवकों को सुरक्षित निकाला
पुलिस ने ग्रामीणों को कानून हाथ में नहीं लेने की चेतावनी देते हुए युवकों को छोड़ने की अपील की। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और कुछ महिलाओं सहित अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले आई।
थानाध्यक्ष बोले—आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि हमले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।