Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में होली पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 3.5 किलो गांजा, 9.39 लाख कैश के साथ तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 3, 2026

मधेपुरा में होली पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 3.5 किलो गांजा, 9.39 लाख कैश के साथ तस्कर गिरफ्तार

# मधेपुरा में होली पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 3.5 किलो गांजा, 9.39 लाख कैश के साथ तस्कर गिरफ्तार

मधेपुरा। होली के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के श्याम गांव से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 3.50 किलोग्राम गांजा, 9 लाख 39 हजार 250 रुपये नकद, एक बाइक, मोबाइल फोन और एक तराजू बरामद किया गया।

मंगलवार को उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 2 मार्च को खगड़िया जिले के चौथम थाना से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। चौथम थाना पुलिस ने गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि बरामद गांजा श्याम गांव निवासी फूलचंद मंडल के घर से लाया गया था। सूचना मिलते ही ग्वालपाड़ा थाना पुलिस हरकत में आई।

विशेष छापेमारी टीम का गठन

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के श्याम वार्ड-12 स्थित फूलचंद मंडल के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान 3.5 किलोग्राम गांजा, 9.39 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल, एक बाइक और एक तराजू बरामद किया गया। मौके से आरोपी फूलचंद मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में ग्वालपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, फूलचंद मंडल का पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2025 में पस्तपार थाना में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

अभियान रहेगा जारी

एसडीपीओ अविनाश कुमार ने कहा कि होली पर्व को देखते हुए जिले में मादक पदार्थ तस्करों, शराब माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताया।