Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 25 हजार का इनामी दीपक कुमार गिरफ्तार, कट्टा-पिस्टल बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, March 3, 2026

सहरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 25 हजार का इनामी दीपक कुमार गिरफ्तार, कट्टा-पिस्टल बरामद

सहरसा। सहरसा पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है। गिरफ्तार कुख्यात अपराधी दीपक कुमार उर्फ दीपक यादव के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं। कार्रवाई में एसटीएफ और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भागीदारी की।


सहरसा पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया

एसपी हिमांशु ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि 25 हजार रुपये के इनामी, फरार और वांछित अपराधी दीपक कुमार, जो पे०-स्व० अनोज यादव, सा०-बलुआहा बैजनाथपट्टी, वार्ड नंबर 03, थाना व जिला सहरसा का निवासी है, वर्तमान में सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार, सराही टोला स्थित किराये के कमरे में ठहरा हुआ है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई करते हुए सदर थाना एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम का गठन किया। टीम ने सुनियोजित ढंग से छापामारी और घेराबंदी की, जिसके परिणामस्वरूप दीपक कुमार को उसके किराये के कमरे से विधिवत गिरफ्तार किया गया।

 
गिरफ्तारी के दौरान अपराधी के कब्जे से एक कट्टा, एक देसी पिस्टल, एक मैग्जीन, आठ गोलियां और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि दीपक कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।

एसपी हिमांशु ने कहा कि गिरफ्तार अपराधी के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच एवं साक्ष्यों की पुष्टि के बाद उसे कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और सभी वांछित अपराधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

सदर थाना और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों या अपराधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। लोगों को इसके ल‍िए जागरूक क‍िया गया है।