बिहार में होली मिलन समारोह में बवाल: भोजपुरी सिंगर समेत 18 गिरफ्तार, फायरिंग में राहगीर को लगी गोली
नालंदा। बिहार थाना क्षेत्र के नकटपुरा गांव स्थित वाटर वर्क परिसर में आयोजित ‘रंग बरसे’ होली मिलन समारोह के दौरान रविवार को फ्री एंट्री और वर्चस्व को लेकर जमकर बवाल हुआ। पत्थरबाजी और फायरिंग में एक राहगीर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में मशहूर भोजपुरी गायक रौशन रोही, उनके बाउंसर समेत 18 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से विदेशी राइफल सहित कई हथियार और लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं। पूरे मामले में 33 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बाउंसर की फायरिंग के बाद भड़का मामला
कार्यक्रम का आयोजन पीएंडएस ग्रुप के तत्वावधान में किया गया था। गायक रौशन रोही को सुनने बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय बदमाशों ने मुफ्त प्रवेश की मांग की। आयोजकों द्वारा रोकने पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि उपद्रवियों ने गायक और मुख्य अतिथि के वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। बचाव में गायक के बाउंसरों ने हवाई फायरिंग की। इसके बाद दोनों पक्षों में गोलियां चलने लगीं। क्रॉस फायरिंग में काशीचक निवासी सूबे लाल कुमार को गोली लग गई, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बिना अनुमति हो रहा था आयोजन
पुलिस के अनुसार, इतने बड़े आयोजन के लिए प्रशासन से विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी। हालांकि सोशल मीडिया पर एसडीओ से जुड़े एक कथित अनुमति पत्र के वायरल होने की भी चर्चा है, जिसकी जांच की जा रही है।
पत्रकार से मारपीट, मोबाइल लूटे
हंगामे के दौरान पत्रकार ऋषिकेश कुमार के साथ मारपीट की गई और उनके दो मोबाइल फोन लूट लिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घंटों चले उपद्रव के दौरान पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में थाना अध्यक्ष के पहुंचने पर स्थिति नियंत्रित हुई।
अलग-अलग राज्यों से आए थे आरोपी
पुलिस की छापेमारी में बिहार के अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और पंजाब से आए आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में जम्मू के सफीक अहमद खान और मो. रफीक, यूपी के बागपत निवासी शमीम तथा पंजाब के फगवाड़ा और फतेहगढ़ से आए प्रदीप सिंह और पलवेंद्र सिंह शामिल हैं।
इनके पास से एक यूएस मेड स्प्रिंगफील्ड आर्मरी राइफल, एक आर्सनल राइफल, दो नाली बंदूकें और अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। साथ ही दो स्कॉर्पियो और एक सफेद फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की गई है।
33 नामजद, आगे भी होगी गिरफ्तारी
सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि बिहार थाना में 33 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और वायरल वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
वायरल वीडियो में दिखी अफरातफरी
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें पत्थरबाजी, लाठी-डंडे और फायरिंग साफ देखी जा सकती है। वीडियो में गायक रौशन रोही को भी खुद को बचाते हुए दौड़ते देखा गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।