मधेपुरा:एसएच-91 पर हादसा: स्कॉर्पियो 10 फीट गड्ढे में गिरी, चालक गंभीर रूप से घायल
मधेपुरा। मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 पर रतनपट्टी मोड़ के समीप एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब दस फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मधेपुरा थाना क्षेत्र के शकरपुरा वार्ड संख्या-2 निवासी कुमोद कुमार के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो बिहारीगंज से मुरलीगंज की ओर आ रही थी। रतनपट्टी मोड़ के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में चालक को काफी चोटें आई हैं।
इसी दौरान सड़क से गुजर रहे प्रतापनगर वार्ड संख्या-2 निवासी अंशु कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
ड्यूटी पर तैनात डॉ. जितेंद्र कुमार जितेश ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए घायल को मधेपुरा रेफर कर दिया। चिकित्सक के अनुसार फिलहाल घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।