Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार में फर्जी लेडी दरोगा गिरफ्तार: वर्दी का रौब दिखाकर ठगी, छह से अधिक लोगों से ऐंठे हजारों रुपये - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 2, 2026

BIHAR:बिहार में फर्जी लेडी दरोगा गिरफ्तार: वर्दी का रौब दिखाकर ठगी, छह से अधिक लोगों से ऐंठे हजारों रुपये

बिहार में फर्जी लेडी दरोगा गिरफ्तार: वर्दी का रौब दिखाकर ठगी, छह से अधिक लोगों से ऐंठे हजारों रुपये

बेगूसराय। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संत नगर बड़ी एघु में खुद को महिला दरोगा बताकर लोगों से ठगी करने वाली 28 वर्षीय महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पुलिस की वर्दी पहनकर घर से निकलती थी और खुद को कोर्ट में पोस्टेड बताकर लोगों पर रौब जमाती थी। पुलिस ने उसके किराए के कमरे से वर्दी और दो नेमप्लेट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अब तक करीब छह लोगों से 50 हजार रुपये तक की ठगी की बात सामने आई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।


‘ऊपर तक पहुंच है’ कहकर करती थी भरोसा

गिरफ्तार महिला लोगों से कहती थी— “आपका काम हो जाएगा, मेरी ऊपर तक पहुंच है। फिलहाल मेरी ड्यूटी कोर्ट में है। मेरे पति भी सेना में हैं, चिंता की कोई बात नहीं है।”
इसी तरह का भरोसा देकर वह पैरवी के नाम पर पैसे लेती थी। लोगों को शक न हो, इसलिए वह नियमित रूप से पुलिस की वर्दी पहनती और खुद को सब-इंस्पेक्टर (SI) बताती थी।


असली नाम कुछ और, नेमप्लेट पर ‘निशु सिंह’

पुलिस के अनुसार, महिला अपना नाम ‘निशु सिंह’ बताती थी। इसी नाम की दो नेमप्लेट उसके कमरे से बरामद की गई हैं। पूछताछ में उसने अपना असली नाम कजोमा कुमारी बताया है। वह मटिहानी प्रखंड के खोरमपुर गांव की रहने वाली है।

उसने स्वीकार किया है कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत नहीं है और ठगी के उद्देश्य से फर्जी वर्दी और नेमप्लेट का इस्तेमाल करती थी।


अलग-अलग जगह किराए पर रहती थी

जांच में सामने आया है कि कजोमा कुमारी अलग-अलग स्थानों पर किराए के मकान में रहती थी। संत नगर बड़ी एघु में रहने के दौरान उसने मकान मालिक को बताया था कि उसकी पोस्टिंग पास के जिले में है और फिलहाल कोर्ट में ड्यूटी है।

मकान मालिक कैलाश साह के मुताबिक, वह तीन-चार महीने पहले उनके मकान में रहने आई थी और अब तक किराया भी नहीं दिया था। आसपास के लोगों को कभी उस पर शक नहीं हुआ, क्योंकि उसकी बातचीत और बॉडी लैंग्वेज पुलिसकर्मियों जैसी थी।


पैसे मांगने पहुंचे लोगों से खुला राज

सोमवार सुबह बड़ी संख्या में लोग उसके किराए के मकान पर पहुंचकर पैसे लौटाने की मांग करने लगे। लोगों ने उससे पुलिस आईडी दिखाने को कहा। आईडी नहीं दिखा पाने पर फर्जीवाड़े की पोल खुल गई।

मामले की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान वर्दी और दो नेमप्लेट बरामद की गईं।


BSF के रिटायर्ड कर्मी भी हुए शिकार

ठगी के शिकार हुए बीएसएफ के सेवानिवृत्त कर्मी नंदकिशोर चौधरी ने बताया कि महिला ने पहले जरूरत का हवाला देकर उनसे 10 हजार रुपये लिए। बाद में 500 रुपये और मांगे। एक बार उसने फोन कर रोते हुए भाई के एक्सीडेंट की बात कही और मदद मांगी, लेकिन तब उन्होंने पैसा नहीं दिया।

चौधरी ने बताया कि महिला ने यह भी दावा किया था कि उसका पति घर से सोने के जेवर लेकर फरार हो गया है और वह उसके खिलाफ केस करने जा रही है।

जब लोगों ने हंगामा किया, तो उसके साथ रह रहा एक युवक मौके से भाग निकला।


DSP ने की पुष्टि

सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि महिला पुलिस की वर्दी पहनकर ‘निशु कुमारी, SI’ का नेमप्लेट लगाती थी और लोगों से पैसे वसूलती थी। सूचना मिलने के बाद जांच कर उसे गिरफ्तार किया गया।

डीएसपी ने कहा कि फर्जीवाड़े की पुष्टि हो चुकी है और मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। अन्य संभावित पीड़ितों की भी तलाश की जा रही है।


पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।