हेडलाइन:
सहरसा में स्मैक-शराब तस्करी का भंडाफोड़: घर से 9 ग्राम स्मैक, 9 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार
खबर:
सहरसा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के जरसैन गांव में स्मैक और विदेशी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 9 ग्राम स्मैक, 9 लीटर विदेशी शराब, एक डिजिटल तराजू और 30,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। यह जानकारी शुक्रवार को सदर थाना अध्यक्ष ने दी।
पुलिस के अनुसार, सदर अस्पताल चौकी प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि जरसैन गांव निवासी मनीष कुमार अपने साथियों के साथ घर से ही स्मैक और विदेशी शराब की खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। निर्देश मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की।
पुलिस ने घर की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक कमरे से 9 ग्राम स्मैक, 9 लीटर विदेशी शराब और नशीले पदार्थों को तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला डिजिटल तराजू बरामद किया गया। उसी कमरे में मौजूद तीन युवकों को पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान उनके पास से कुल 30,400 रुपये नकद भी बरामद हुए, जिसे पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़ी रकम बताया है।
तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जरसैन गांव निवासी मनीष कुमार, बबन कुमार और रजनीश कुमार के रूप में हुई है। सदर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 267/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C)/21(B) और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(A) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन इलाकों में इन नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही थी। इस कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार, चौकी प्रभारी गुंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हंशलाल सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।