Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा की 10 वर्षीय पलक ने रचा इतिहास, नवोदय प्रवेश परीक्षा में 100 में 100 अंक लाकर बनी टॉप-5 में शामिल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 20, 2026

सहरसा की 10 वर्षीय पलक ने रचा इतिहास, नवोदय प्रवेश परीक्षा में 100 में 100 अंक लाकर बनी टॉप-5 में शामिल

BIG NEWS: सहरसा की 10 वर्षीय पलक ने रचा इतिहास, नवोदय प्रवेश परीक्षा में 100 में 100 अंक लाकर बनी टॉप-5 में शामिल

सहरसा नगर निगम क्षेत्र के नंदलाली की रहने वाली 10 वर्षीय पलक ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। पलक ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर जिले के टॉप-5 छात्रों में अपनी जगह बनाई है।

पलक की इस सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर है। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि ने उसे खास बना दिया है। उसके परिवार और इलाके में जश्न जैसा माहौल है और लोग इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।

श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया
पलक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को दिया है। उसने बताया कि नियमित पढ़ाई, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उसे इस मुकाम तक पहुंचाया। पलक ने आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने की बात कही।

पलक के पिता सुशील चौधरी बेटी की सफलता पर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी जितना पढ़ना चाहेगी, वे उसे उतना पढ़ाएंगे और उसके हर सपने को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

अधिकारी बनकर देश सेवा करने का सपना
पलक का सपना है कि वह आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी करे और एक अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करे। इतनी कम उम्र में इतना बड़ा लक्ष्य उसकी मजबूत सोच और आत्मविश्वास को दर्शाता है।

कम उम्र में यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर पलक ने साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। आज वह न केवल सहरसा, बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणा बन चुकी है।