सहरसा में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: दो स्कूलों के प्रधानाध्यापक निलंबित, वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग सख्त
सहरसा के नवहट्टा प्रखंड में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में शिक्षा विभाग ने दो विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) हेमचंद्र ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई वायरल वीडियो और जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
पहला मामला नव प्राथमिक विद्यालय शाहपुर चाही टोला का है, जहां निरीक्षण के दौरान एक भी छात्र कक्षा में उपस्थित नहीं मिला। प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षक स्कूल परिसर में धूप सेंकते पाए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
दूसरा मामला उर्दू प्राथमिक विद्यालय महुआ का है। यहां की प्रधानाध्यापक रहमत जहां को भी कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है। जांच के दौरान एक शिक्षक विद्यालय में चटाई बिछाकर सोते हुए पाए गए, जिससे शैक्षणिक वातावरण पर गंभीर सवाल खड़े हुए।
डीईओ हेमचंद्र ने कहा कि मनमानी और उदासीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की पहली प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।