जमीनी विवाद में चाचा बना हैवान! सहरसा में 18 वर्षीय भतीजी की हत्या कर शव जलाने का आरोप
सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पटोरी वार्ड नंबर 06 में जमीनी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि एक चाचा ने अपनी 18 वर्षीय भतीजी की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को घर के पीछे जला दिया।
मृतका की पहचान मनोज भगत की पुत्री संध्या कुमारी के रूप में हुई है। घटना को लेकर मृतका की मां मीना देवी ने कोशी प्रमंडल के डीआईजी को आवेदन देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीआईजी ने आवेदन संबंधित थाना को भेजते हुए जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आवेदन के अनुसार, जमीन बंटवारे को लेकर मीना देवी के देवर अमरेंद्र कुमार भगत (उर्फ अमरनाथ भगत) के साथ पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि घटना के दिन जब संध्या घर की छत पर पढ़ाई कर रही थी, तभी आरोपी अमरेंद्र और उसकी पत्नी मधु देवी वहां पहुंचे और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
पीड़िता की मां का आरोप है कि दोनों ने मिलकर संध्या के गले में रस्सी का फंदा डालकर उसकी हत्या कर दी। जब माता-पिता ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद कुछ लोगों की मदद से घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव को जला दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
मीना देवी ने बताया कि मारपीट में वह खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें पीएचसी बिहरा में इलाज के बाद मायके भेज दिया गया। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर शव जला दिया गया है।
मामले में बिहरा थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।