हेडलाइन:
होली से पहले सहरसा में बड़ी कार्रवाई, कार के इंजन में छिपाकर लाई जा रही विदेशी शराब बरामद; दो युवक गिरफ्तार
खबर:
सहरसा। आगामी होली पर्व को देखते हुए जिले में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने सहरसा–बैजनाथपुर मार्ग पर गम्हरिया ढाला के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें संदिग्ध हुंडई वर्ना कार (BR-01BP-7752) को रोका गया।
इंजन के पास छिपाकर रखी गई थी शराब
वाहन की गहन तलाशी के दौरान कार के बोनट के नीचे इंजन के पास बड़ी चालाकी से छिपाई गई विदेशी शराब बरामद हुई। विभाग ने कुल 26.910 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की है, जिसे सामान्य जांच से बचाने के लिए इस तरह छुपाया गया था।
मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. साबिर (22), वाहन चालक, और दीपक कुमार (22) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बैजनाथपुर थाना क्षेत्र, जिला सहरसा के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिलेभर में सघन जांच अभियान जारी
इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक मद्यनिषेध सह थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने किया। उनके साथ एएसआई महेश कुमार समेत उत्पाद विभाग की विशेष टीम मौजूद थी। अधिकारियों ने बताया कि होली जैसे त्योहारों के दौरान शराब तस्करी की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसी को देखते हुए जिलेभर में सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं।