हेडलाइन:
सीवान में कोडीन सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई, पार्सल वाहन से 30 लाख की नशीली दवा बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार
सीवान। उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र नंबर के एक पार्सल वाहन से भारी मात्रा में नशीला कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया। इस दौरान मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान पटना निवासी आशीष और नितिन के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग के अनुसार जब्त कोडीन सिरप की बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। सदर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अंकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पार्सल वाहन के जरिए कोडीन सिरप की बड़ी खेप सप्लाई के लिए लाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान टीम को देखकर वाहन सवार दोनों तस्कर उतरकर भागने लगे, लेकिन जवानों की तत्परता से उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी में वाहन से करीब 600 लीटर कोडीन फास्फेट सिरप बरामद की गई।
बरामद सिरप प्रतिबंधित श्रेणी में आती है और एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित पदार्थ है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे यह प्रतिबंधित सिरप गोरखपुर से लेकर पटना जा रहे थे, जहां इसे विभिन्न दुकानों में बेचने की योजना थी। उन्होंने पहले भी इस तरह की तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उत्पाद विभाग की टीम अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।