Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:कोशी रेंज में सूखा नशा पर कड़ा प्रहार, डीआईजी कुमार आशीष ने शुरू किया ‘नशा मुक्त कोशी अभियान’, स्पेशल हेल्पलाइन जारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, February 12, 2026

SAHARSA:कोशी रेंज में सूखा नशा पर कड़ा प्रहार, डीआईजी कुमार आशीष ने शुरू किया ‘नशा मुक्त कोशी अभियान’, स्पेशल हेल्पलाइन जारी

कोशी रेंज में सूखा नशा पर कड़ा प्रहार, डीआईजी कुमार आशीष ने शुरू किया ‘नशा मुक्त कोशी अभियान’, स्पेशल हेल्पलाइन जारी

सहरसा। कोशी रेंज में कफ सिरप, स्मैक और गांजा जैसे सूखा नशा के बढ़ते अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए डीआईजी कुमार आशीष ने सख्त पहल की है। इसके तहत डीआईजी कार्यालय में ‘नशा मुक्त कोशी अभियान’ के नाम से एक विशेष हेल्पलाइन सेंटर की शुरुआत की गई है।

इस हेल्पलाइन के लिए मोबाइल नंबर 9060384865 जारी किया गया है, जिस पर सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के लोग मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और अवैध कारोबार से जुड़ी गुप्त सूचना दे सकते हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

विशेष टीम करेगी त्वरित कार्रवाई
हेल्पलाइन सेंटर की जिम्मेदारी बिजेंद्र कुमार सिंह को सौंपी गई है, जिनके साथ दो अन्य पुलिसकर्मी भी टीम में शामिल हैं। हेल्पलाइन पर सूचना मिलते ही अधिकारी यह भी जांच करेंगे कि कहीं इस अवैध कारोबार में किसी स्थानीय थाना पुलिसकर्मी की संलिप्तता तो नहीं है। गंभीर मामलों में डीआईजी स्तर से गठित विशेष टीम को सीधे छापेमारी के लिए भेजा जाएगा।

डीआईजी का सख्त संदेश
डीआईजी कुमार आशीष ने कहा कि कोशी रेंज में सूखा नशा फैलने की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है। हेल्पलाइन सेंटर का सीधा नियंत्रण डीआईजी कार्यालय से होगा, जिससे निगरानी और कार्रवाई दोनों मजबूत होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य कफ सिरप, स्मैक, गांजा समेत शराब के अवैध व्यापार पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना है।

न्याय के लिए डीआईजी से गुहार
नशा मुक्ति अभियान के साथ-साथ लोग अन्य मामलों को लेकर भी डीआईजी कार्यालय पहुँच रहे हैं। इसी क्रम में सहरसा के गौतम नगर निवासी नूतन सिंह ने डीआईजी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदिका का आरोप है कि उनके पति मदन कुमार सिंह को नशे का सेवन कराकर कुछ लोगों ने बिना भुगतान किए उनकी जमीन अपने नाम लिखवा ली। मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र के इस मामले में 14 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने पर डीआईजी ने उचित निर्देश देने का आश्वासन दिया है।