सहरसा में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
सहरसा। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक युवक को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कार्यस्थ टोला वार्ड संख्या 31 स्थित एक मकान में किरायेदार के रूप में रह रहा युवक अवैध गतिविधियों और शराब बिक्री में संलिप्त है। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली।
पुलिस को देख युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संदीप कुमार, पिता मोहन ठाकुर, निवासी विद्यापति नगर वार्ड संख्या 19 बताया। तलाशी के दौरान उसके कमरे से एक देसी पिस्टल, एक कट्टा, दो मैगजीन और पांच कारतूस बरामद किए गए।
बरामद सामानों की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरफ्तार युवक के आपराधिक नेटवर्क और पूर्व गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
छापेमारी टीम में पुनि सह सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, पुअनि सरोज सिंह, पुअनि बालेश्वर कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की अपील
सहरसा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, शराब बिक्री या हथियारों से संबंधित सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 06478-225554 भी जारी किया गया है।