हेडलाइन:
सहरसा पुलिस का बड़ा खुलासा: उमेश मिस्त्री हत्याकांड का उद्भेदन, शूटर समेत दो गिरफ्तार
खबर:
सहरसा पुलिस ने उमेश मिश्री हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए इस सनसनीखेज मामले में शामिल शूटर समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है।
मामला सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र का है, जहां 11 दिसंबर 2025 की रात अज्ञात अपराधियों ने उमेश मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में मृतक के पुत्र के लिखित आवेदन पर सोनवर्षाराज थाना कांड संख्या 246/25 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सहरसा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरी बख्तियारपुर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले का सफल खुलासा किया।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक के पुत्र मनीष मिस्त्री, जो वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में बंद है, ने अपने पिता की हत्या के लिए चार लाख रुपये की सुपारी दी थी। सुपारी के तहत शूटर मनीष यादव ने अपने एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। वहीं, मृतक के बड़े पुत्र सचित मिस्त्री की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने अभियुक्त मनीष यादव की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पतरघट थाना में आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी जारी है।