पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सामूहिक अवकाश पर चले गए राजस्व सेवा के अधिकारियों को सोमवार तक काम पर लौटने का समय दिया है।
उस दिन तक नहीं लौटने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। शनिवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिन्हा ने कहा कि सरकार उनकी मांगों के प्रति सहानुभूतिपूर्वक विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समिति सौंपेगी सरकार को रिपोर्ट
मांगों पर सुझाव देने के लिए गठित तीन समिति राजस्व अधिकारियों के कार्य, अधिकार एवं दायित्व पर विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। इसी के आधार पर आगे निर्णय होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि बड़ी संख्या में अंचलाधिकारी काम पर लौट आए हैं। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सोमवार को विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल एवं सचिव जय सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों में राजस्व सेवा के अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा करेंगे।
उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अंचल अधिकारियों से कहा कि वे एग्रीस्टैक महाअभियान, ई-मापी महाभियान एवं राजस्व महाअभियान के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निष्पादित करें।
किसी बहकावे में नहीं आएं हल्का कर्मचारी
उन्होंने हल्का कर्मचारियों से भी किसी के बहकावे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर काम करने वालों की वेतन वृद्धि होगी।
प्रधान सचिव ने कहा कि भूमि सुधार जनकल्याण संवाद से विभाग के प्रति जनता का भरोसा बहुत बढ़ा है। संवाददाता सम्मेलन में सचिव जय सिंह भी मौजूद थे।