सेवानिवृत्ति से पहले सड़क हादसे में वारंट ऑफिसर की मौत, गांव में शोक की लहर
सहरसा/सोनवर्षाराज। प्रखंड क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी 59 वर्षीय शिवशंकर चौधरी की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे में वारंट ऑफिसर के पद पर (बडौदा) में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, मृतक स्व. उग्रनाथ झा के पुत्र थे। बुधवार को वे अपने बडौदा स्थित आवास से ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें बडौदा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गुरुवार को बडौदा स्थित उनके आवास पर एयरफोर्स के पदाधिकारियों द्वारा पार्थिव शरीर को अंतिम सलामी दी गई। हालांकि उनका श्राद्ध कर्म उनके पैतृक गांव बेहटा में ही किया जाएगा।
मृतक के बड़े भाई चंद्रशेखर चौधरी ने बताया कि महज डेढ़ माह पूर्व ही शिवशंकर चौधरी अपने पिता का श्राद्ध कर्म संपन्न कर गांव से बडौदा लौटे थे। वे आगामी 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाले थे।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्री एवं एक पुत्र को छोड़ गए हैं। दो माह के अंदर पिता के बाद पुत्र के असमय निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।