Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में वकील के बेटे की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर तोड़ा दम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 20, 2026

SAHARSA:सहरसा में वकील के बेटे की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर तोड़ा दम

Bihar Crime : बिहार के सहरसा जिले में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्र की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। छात्र को बुधवार को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी थी, जिसके बाद से वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था। शुक्रवार सुबह अस्पताल में उसने अंतिम सांस ली। 

क्या है पूरा मामला? 
मृतक की पहचान सिमराहा वार्ड नंबर-4 निवासी अनुज कुमार निराला के बेटे अंकित आनंद के रूप में हुई है। अंकित सहरसा के विद्या निकेतन स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता सहरसा सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। 

परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे अंकित अपनी साइकिल से स्कूल गया था। दोपहर 3:30 बजे जब वह वापस घर लौट रहा था, तभी घर से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। 

इलाज के लिए दर-दर भटके परिजन
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अंकित को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि गोली सिर में लगने के कारण वह कोमा में चला गया था। परिजन उसे इलाज के लिए सिलीगुड़ी भी ले गए, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने भी स्थिति को नाजुक बताते हुए हाथ खड़े कर दिए। अंततः उसे वापस सहरसा लाया गया, जहां निजी क्लीनिक में वेंटिलेटर पर रहने के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। 

पुलिस की जांच जारी
सहरसा सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने पुष्टि की है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि यद्यपि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस घटना के हर पहलू की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अभी तक हमले के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।