Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:25 हजार का इनामी बदमाश दिल्ली से पकड़ा गया, बैंक डकैती केस में था फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 20, 2026

SAHARSA:25 हजार का इनामी बदमाश दिल्ली से पकड़ा गया, बैंक डकैती केस में था फरार

सहरसा
जिले के कुख्यात अपराधी और 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अभिषेक झा को सहरसा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वह चार संगीन मामलों में वांछित था और अररिया जिले में हुए बैंक लूट कांड में भी आरोपी था।

एसपी हिमांशु ने बताया कि 7 दिसंबर 2025 को बिहरा थाना क्षेत्र के बिशनपुर पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी की घटना में अभिषेक झा अपने साथियों के साथ शामिल था। इस मामले में बिहरा थाना कांड संख्या 280/25 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।

अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। टीम में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, साइबर थाना अध्यक्ष सह डीएसपी अजीत कुमार, बिहरा थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा, पुलिस अवर निरीक्षक धीरेंद्र कुमार समेत जिला आसूचना इकाई के पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने उसे नई दिल्ली के विवेक विहार सोसायटी इलाके से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभिषेक झा नवहट्टा थाना क्षेत्र के बलवा टोला, वार्ड संख्या-3 निवासी रतन झा का पुत्र है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और छिनतई के चार मामले दर्ज हैं। वह अररिया जिले में बैंक डकैती जैसे गंभीर अपराधों में भी संलिप्त रहा है, जिसके कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उसके विरुद्ध सुपौल थाना कांड संख्या 713/21, अररिया थाना कांड संख्या 65/24, सुपौल थाना कांड संख्या 421/25, सहरसा सदर थाना कांड संख्या 910/25 व 1385/25 तथा बिहरा थाना कांड संख्या 280/25 दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।