Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:इंस्टाग्राम पर बहस पड़ी भारी, छात्र को मारी गोली; चार युवक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 20, 2026

PURNEA:इंस्टाग्राम पर बहस पड़ी भारी, छात्र को मारी गोली; चार युवक गिरफ्तार

पूर्णिया में इंटर की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हुई फायरिंग मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इंस्टाग्राम पर हुई चैटिंग से शुरू हुए विवाद में छात्र के मर्डर के इरादे से उसके ऊपर फायरिंग की गई थी। बीते 3 फरवरी को हुए इस वारदात को चार बदमाशों ने अंजाम तक पहुंचाया था।


वारदात वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे से हमलावरों की पहचान हुई। सीसीटीवी फुटेज ने चारों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और बाइक को भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पकड़े गए आरोपियों में सदर थाना क्षेत्र के खैरुगंज वार्ड 31 के रहने वाले अभिनंदन कुमार 19 और विवेक तिवारी उर्फ रौनक कुमार 21 और के.नगर थाना क्षेत्र के बाघमारा वार्ड 15 निवासी पियुष कुमार 18 और अमरजीत कुमार उर्फ छोटु 28 शामिल रहे।

 
3 फरवरी को 4 बदमाशों ने पैर में मारी थी गोली

घटना की जानकारी देते हुए एसपी स्वीटी सहरावत ने कहा कि पूर्णिया में बीते 3 फरवरी को बाइक सवार 4 बदमाशों ने परीक्षा देकर लौटर रहे इंटर के छात्र को पैर गोली मार दी। बुलेट छात्र के बाएं पैर को चीरती हुई आर-पार हो गई थी। घटना के बाद छात्र को GMCH पूर्णिया में एडमिट कराया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर SDPO 2 ,प्रोवेशन डीएसपी और के.नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सारे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।

वारदात में यूज पिस्टल, मोबाइल, बाइक बरामद

सीसीटीवी फुटेज से वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने दबिश देते हुए चारों को दबोचा। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्टल, 5 मोबाईल और एक बाइक बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। पूछताछ में विवेक तिवारी फ्रॉम रौनक कुमार ने बताया कि दिव्यांशु से इंस्टाग्राम चैटिंग को लेकर उसका महीने भर पहले विवाद हुआ था।

इसके बाद दोनों के बीच काफी दिनों से गालीगलौज हो रही थी और धमकी दी जा रही थी। इसी के बाद रौनक ने दिव्यांशु से बदला लेने का सोच रखा था। रौनक ने दिव्यांशु के पीछे लाइनर लगा रखा था। जैसे ही दिव्यांशु शहर आया। रौनक ने दोस्तो के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।