में सनसनी: 7वीं के छात्र को सरेआम गोली, हालत बेहद गंभीर
सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सातवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र अंकित आनंद को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना सिमराहा चौक से लगभग 100 मीटर पूर्व की बताई जा रही है। गोली छात्र की कनपटी में लगी और ब्रेन में फंस गई, जिससे उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
घायल अंकित आनंद, पिता अनुज कुमार निराला, एक निजी विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र है। परिजनों के मुताबिक, घटना शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। छात्र के पिता, जो पेशे से वकील हैं, ने बताया कि उनका बेटा स्कूल से पढ़कर घर लौट रहा था। सिमराहा चौक से कुछ दूरी पर एक लिट्टी-समोसा दुकान के पास तीन युवक खड़े थे। जैसे ही अंकित वहां से गुजरा, बदमाशों ने उसे गोली मार दी। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और न ही किसी रंजिश की जानकारी है।
इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, गोली ब्रेन में फंसी हुई है और प्रारंभिक जांच में ब्रेन डेड जैसी स्थिति प्रतीत हो रही है। छात्र को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। चिकित्सकों ने बताया कि अगले छह घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं और स्थिति नाजुक बनी हुई है।
वहीं सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान होते ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।