Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में 4 दोस्तों ने एक साथ खाई कीटनाशक, शादी-ब्याह में करते थे डांसर का काम; 2 की मौत से मचा कोहराम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, February 7, 2026

SAHARSA:सहरसा में 4 दोस्तों ने एक साथ खाई कीटनाशक, शादी-ब्याह में करते थे डांसर का काम; 2 की मौत से मचा कोहराम

सालखुआ (सहरसा)। शनिवार को कनरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत फरेवा मुसहरी के निकट खेत में कीटनाशक दवा खाने से एक युवक और तीन नाबालिगों की हालत गंभीर हो गई।

जिनमें से इलाज के दौरान एक युवक और एक नाबालिग की मौत हो गई। जबकि दो अन्य का इलाज विभिन्न अस्पताल में जारी है। मृतकों की पहचान फरेवा मुसहरी निवासी स्व. मांगन सदा के 17 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार तथा अर्जुन सदा के 22 वर्षीय पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है।

वहीं, घटना में भोला सदा के 15 वर्षीय पुत्र सनोज कुमार तथा कुजली सदा के 16 वर्षीय पुत्र मुरारी कुमार गंभीर रूप से बीमार है। उनका इलाज चल रहा है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, एसडीओ आलोक राय तथा एसडीपीओ मुकेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच-पड़ताल कर रहे हैं।

परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी ली जा रही है। फिलहाल घटना की कोई वजह स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृत युवकों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक राजा शादीशुदा और दो बेटियों का पिता था। मृतक सन्नी कुमार भी शादीशुदा है।

बताया जाता है कि चारों एक जगह जमा हुए और मक्का के खेत में चारों ने कीटनाशक पी लिया। कीटनाशक पीने के बाद चारों अपने-अपने घर चले गये। जब इनकी तबीयत खराब होने लगी तब स्वजन इन्हें लेकर इलाज के लिए खगड़िया की ओर रवाना हुए।

ग्रामीणों के अनुसार चारों आपस में दोस्त थे। साथ ही यह लोग किसी  कार्यक्रम में डांसर का भी काम करते थे। इसके अलावा मजदूरी भी करते थे।

इस बाबत एसपी हिमांशु ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जहर खाने से मौत हुई है। जख्मी का इलाज स्वजन करा रहे हैं। घटना क्यों हुई इसकी पड़ताल की जा रही है।