मझौलिया। थाना क्षेत्र के जौकटिया पंचायत वार्ड नंबर नौ में शुक्रवार की रात आई बारात में एक युवक खुद को डीटीओ बता वाहनों के कागजात की जांच करने लगा।
गाड़ी के कागजात समेत चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस चेक करने लगा।
इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांध पिटाई शुरू कर दी।
पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने युवक को मुक्त कर दिया। युवक के पिटाई का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक को रस्सी से पेड़ से बांधा गया है। वहां कुछ लोग मौजूद हैं।
हालांकि, कोशी लाइव इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात बखरिया के थवईया गांव से जौकटिया वार्ड नौ निवासी हारुन साह के घर बारात आई थी। जौकटिया वार्ड आठ निवासी करण राइडर नामक युवक स्वयं को डीटीओ बताकर बारात में आए वाहनों को रोककर जांच करने लगा तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस देखने लगा।
इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया। उसकी पिटाई की गई। इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर प्रसारित कर दिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। मामले में मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि प्रसारित वीडियो की गंभीरता से जांच की जा रही है।
दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी विवाद या संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।