सिमरी बख्तियारपुर में गिट्टी लदे हाईवा से 3800 लीटर विदेशी शराब जब्त, 10–15 तस्कर फरार
सिमरी बख्तियारपुर में पूर्ण शराबबंदी कानून को धता बताते हुए तस्करों द्वारा बड़ी खेप उतारे जाने की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चकभारो गांव स्थित गर्ल्स स्कूल के पास गिट्टी से लदे एक हाईवा ट्रक से 3801.96 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान 10 से 15 तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी उठने लगे हैं।
एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि सोमवार रात करीब 2:10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि चकभारो गांव में शराब की बड़ी खेप उतारी जानी है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर छापेमारी की गई। मौके पर बीआर 27 जी 6800 नंबर का हाईवा ट्रक मिला, जिसके ऊपर करीब एक फीट तक गिट्टी लदी थी। जब गिट्टी हटाई गई तो नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब के कार्टन मिले।
बरामद शराब में रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग और ब्लेंडर्स प्राइड जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि रॉयल चैलेंज के 239 कार्टन (180 एमएल) में 2064.96 लीटर और 147 कार्टन (375 एमएल) में 1323 लीटर, रॉयल स्टैग प्रीमियम व्हिस्की के 7 कार्टन (375 एमएल) में 63 लीटर तथा ब्लेंडर्स प्राइड के 39 कार्टन (375 एमएल) में 351 लीटर शराब जब्त की गई। कुल मात्रा 3801.96 लीटर है। साथ ही 100 सीएफटी गिट्टी और तस्करों की मदद के लिए लाई गई बोलेरो पिकअप (जेएच17 जेड 4127) भी जब्त की गई।
पुलिस ने हाईवा और बोलेरो के मालिकों, चालकों तथा फरार 10-15 अज्ञात तस्करों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब गिरोह के सरगना और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर मो. शुजाउद्दीन, थानाध्यक्ष अमित कुमार, सलखुआ थानाध्यक्ष संजना कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।