हेडलाइन:
खबर:
सहरसा. सदर थाना क्षेत्र के सराही में शुक्रवार को दिनदहाड़े चेन झपटमारी की घटना सामने आई है। घटना को लेकर जजौरी महिषी निवासी पीड़िता राजन देवी ने सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगायी है।
दिए गए आवेदन में राजन देवी ने बताया कि वह जजौरी महिषी गांव की निवासी हैं और वर्तमान में सराही वार्ड नंबर 11 में रहती हैं। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह अपने घर से निकलकर सराही मोड़ चौक के पास मुख्य सड़क पर पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक आए और उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि झपटमारी इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले। छीनी गई सोने की चेन का वजन करीब 30 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये है।
राजन देवी ने आशंका जताई है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई होगी। उन्होंने पुलिस से फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सदर थाना अध्यक्ष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।