Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:सूरज बिहारी की हत्या का वीडियो वायरल, 3 गोली लगने के बाद भी बदमाशों का पीछा करते रहे सूरज.. - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, February 1, 2026

PURNEA:सूरज बिहारी की हत्या का वीडियो वायरल, 3 गोली लगने के बाद भी बदमाशों का पीछा करते रहे सूरज..

बिहार के पूर्णिया में 27 जनवरी की सुबह लगभग 8.30 बजे, शहर के नेवालाल चौक इलाके में जाने-माने कारोबारी और चर्चित ब्लॉगर सूरज बिहारी की गोली मारकर हत्या कर दी ग थी. यह घटना उस समय हुई जब सूरज एक विवाद को सुलझाने के लिए वहां पहुंचे थे. लेकिन शांति की कोशिश खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई थी. अब इस घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.

जानकारी के अनुसार, सूरज बिहारी का एक अन्य ब्लॉगर के साथ इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर कुछ विवाद चल रहा था. इसी मामले की 'पंचायत' या सुलह करने के लिए सूरज नेवालाल चौक पहुंचे थे. वहां दूसरे पक्ष की ओर से कुख्यात अपराधी ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह अपने साथियों के साथ आए. बातचीत शुरू होने से पहले ही अपराधियों ने हिंसक रुख अख्तियार कर लिया और सूरज बिहारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि सूरज बिहारी सड़क पर खड़े होकर दूसरे पक्ष के लोगों का इंतजार कर रहे थे. तभी बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचते हैं और बिना किसी बातचीत के फायरिंग शुरू कर देते हैं. फुटेज में सूरज को गोली लगने के बाद गिरते हुए देखा जा सकता है. इस दौरान सूरज के अंगरक्षक ने भाग रहे अपराधियों पर जवाबी फायरिंग भी की, लेकिन अपराधी बच निकलने में सफल रहे.

पुलिस की कार्रवाई और जन आक्रोश

इस हत्याकांड ने पूरे पूर्णिया शहर को हिलाकर रख दिया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह सहित 07 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है.हत्या के विरोध में शहर में प्रदर्शनों का दौर शुरू हो गया है. लोग जल्द से जल्द मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल की मांग कर रहे हैं. सूरज बिहारी की हत्या ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और स्थानीय कारोबारियों की सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.