बच्चों के विवाद में खूनी हमला, दबिया से वार कर युवक की नाक काटी; गंभीर हालत में रेफर
मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर लाही पंचायत के बरियाही (वार्ड 10) में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबिया (धारदार हथियार) से किए गए हमले में राजेंद्र ऋषिदेव की नाक का आधा हिस्सा कट गया, जबकि बचाव के दौरान उनके हाथों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित राजेंद्र ऋषिदेव के अनुसार, विवाद की शुरुआत बीते शुक्रवार को उनके बच्चों और सचेन ऋषिदेव व अनिल ऋषिदेव के बच्चों के बीच झगड़े से हुई थी। इसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए वार में उनकी नाक कट गई और वार रोकने के प्रयास में हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना के बाद डायल 112 की मदद से घायल को शंकरपुर सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित सीधे शंकरपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।