बिहारीगंज–उदाकिशुनगंज मार्ग पर सड़क हादसा, बाइक की टक्कर से युवक गंभीर घायल
मधेपुरा जिले के बिहारीगंज–उदाकिशुनगंज मुख्य मार्ग पर नया बाजार में बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय शिवनंदन मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवनंदन मोहनपुर पंचायत के रहटा चौमुख वार्ड नंबर 07 निवासी विद्यानंद मेहता के पुत्र हैं।
जानकारी के अनुसार, शिवनंदन अपने दो साथियों के साथ नया बाजार स्थित एक खाद दुकान पर खाद खरीदने आए थे। सड़क पार करने के दौरान बिहारीगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों व ग्रामीणों की मदद से घायल को बिहारीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।