बिहारीगंज (मधेपुरा)। मधेपुरा केबिहारीगंज थाना क्षेत्र की गमैल पंचायत के वार्ड नौ में नहर किनारे महिला का कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मंगलवार को आसपास के खेतों में काम कर रहे मजदूरों की नजर नहर किनारे पड़े कंकाल पर पड़ी, जिससे यह खबर तेजी से गांव में फैल गई।
सूचना मिलने पर भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बिहारीगंज थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि कंकाल किसी महिला का है। शव काफी समय पहले नहर में फेंका गया था और जानवरों ने उसे नोंच दिया, इसलिए केवल कंकाल के हिस्से ही बरामद हुए हैं।
एसडीपीओ अविनाश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कंकाल देखकर स्पष्ट रूप से महिला होने का अंदेशा है, लेकिन पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही संभव होगी। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और टेक्निकल टीम साक्ष्य संकलन में जुटी हुई हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में किसी महिला के लापता होने की जानकारी नहीं मिली है। वहीं ग्रामीण इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं में व्यस्त हैं। नहर के किनारे झाड़ियों में शव मिलने से ग्रामीणों में भय और चिंता की स्थिति बनी हुई है। इसकी चर्चा यहां खूब हो रही है। पुलिस भी लगातार इस पर मानिटरिंग कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही शव की पहचान और हत्या की वजह का खुलासा किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन ने भी इस मामले में सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं और आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इस बीच पुलिस और फोरेंसिक टीम के कामकाज से इलाके में सुरक्षा की भावना कायम है, जबकि ग्रामीण भी घटना की जानकारी लेने और मदद करने के लिए घटनास्थल पर जुटे हैं।
किसी महिला का कंकाल प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टपार्टम के लिए भागलपुर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच की जांच की जा रही है।
-
अविनाश कुमार, एसडीपीओ, उदाकिशुनगंज