Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:नशा देकर युवक की कराई जबरन शादी, पकड़ौआ विवाह का वीडियो वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, February 11, 2026

BIHAR:नशा देकर युवक की कराई जबरन शादी, पकड़ौआ विवाह का वीडियो वायरल

Bihar News: समस्तीपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां कथित तौर पर एक युवक की पकड़ौआ विवाह करा दी गई. आरोप है कि युवक को नशा देकर बेहोश किया गया और फिर जबरन शादी की रस्में पूरी कराई गईं. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.


मामला शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के चकरांजली गांव का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में युवक खुद को बंधक बताते हुए नजर आता है. वह मदद की गुहार लगाता है. युवक का दावा है कि उसे करीब 24 घंटे तक एक कमरे में बंद रखा गया. बाहर से ताला लगाया गया था.

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है नीतीश

पीड़ित की पहचान कालेश्वर राय के 23 वर्षीय बेटे नीतीश कुमार के रूप में हुई है. परिवार के अनुसार नीतीश प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है. वह घर से लाइब्रेरी जाने की बात कहकर निकला था. देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई. खोजबीन शुरू की गई.

जबरन कराई गई शादी

परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसे जबरन पकड़ लिया. इसके बाद उसकी शादी करा दी गई. वायरल वीडियो में शादी के दौरान युवक की हालत बिगड़ती दिखती है. वह बेहोश होकर गिर जाता है. इसके बावजूद वहां मौजूद लोग रस्में पूरी कराते नजर आते हैं.

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज है. लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं. पकड़ौआ विवाह की पुरानी कुप्रथा एक बार फिर सवालों में है.

पुलिस का क्या है कहना?

इस मामले में पुलिस का कहना है कि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. पुलिस को घटना की जानकारी सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट के जरिए हुई. अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.