मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के सातवें निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान के तहत बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली विभाग ने पहल की है।
यदि किसी उपभोक्ता के घर की बिजली गुल हो जाती है, तो उसे दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन से सीधे बिजली बिल पर अंकित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
बिजली विभाग द्वारा प्रत्येक बिजली बिल पर संबंधित क्षेत्र के फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर अंकित किया गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ता बिना किसी एप डाउनलोड किए या वेबसाइट पर जाए सीधे इस नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
शिकायत मिलते ही संबंधित फ्यूज कॉल सेंटर की टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी और बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता रोशन कुमार ने बताया कि राज्य सरकार और बिहार विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली बिल के निचले हिस्से में विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायत के लिए फ्यूज कॉल सेंटर का नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया गया है। इस नंबर पर अपने घर, पड़ोस या गांव में बिजली कटौती की सूचना दी जा सकती है। जहां बिजली आपूर्ति से संबंधित शिकायतें दर्ज की जाती हैं।