Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पूर्णिया में ATM से जाली नोट खपाते पकड़ा गया युवक, घर से मिले हजारों के नकली नोट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, February 15, 2026

BIHAR:पूर्णिया में ATM से जाली नोट खपाते पकड़ा गया युवक, घर से मिले हजारों के नकली नोट

पूर्णिया। एटीएम के माध्यम से जाली नोट खपाने की कोशिश कर रहे मो. जुबेर आलम की साजिश आखिरकार बैंक की सतर्कता और सीसीटीवी कैमरे की नजर से बच नहीं सकी।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके घर से 45,300 रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं।
मामले को आर्थिक अपराध से जुड़ा गंभीर प्रकरण मानते हुए जांच तेज कर दी गई है।

सहायक खजांची थाना पुलिस ने कसबा थाना क्षेत्र के फकरतकिया स्थित एक घर में छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 200 रुपये के 196 और 50 रुपये के 182 जाली नोट बरामद हुए।

जांच में पाया गया कि 200 रुपये के सभी नोटों का सीरियल नंबर एक ही है, जिससे स्पष्ट है कि नोट एक ही खेप के हैं, जिन्हें सुनियोजित तरीके से बाजार में खपाने की तैयारी थी।

थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि करीब एक माह पूर्व आरोपित ने एटीएम के जरिए अपने खाते में 200 रुपये के छह नोट जमा किए थे। एटीएम मशीन ने नोटों को जाली के रूप में चिह्नित किया, लेकिन तकनीकी प्रक्रिया के दौरान राशि दर्ज हो गई। जब बैंक कर्मियों ने एटीएम का मिलान किया तो 1200 रुपये के सभी नोट फर्जी पाए गए।

इसके बाद संबंधित तिथि और समय के आधार पर एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली गई। फुटेज में एक युवक नोट जमा करते दिखाई दिया।

खाते में दर्ज नाम और पते के आधार पर उसकी पहचान मो. जुबेर आलम के रूप में हुई। बैंक की ओर से सहायक खजांची थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

शनिवार को पुलिस ने आरोपित के घर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में जाली नोट बरामद किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित को नकली नोट कहां से मिले और क्या वह किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि जाली नोट के नेटवर्क की पूरी परतें खोली जा सकें।