Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शादी के 4 दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार, जेवर और 50 हजार नकद ले गई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 27, 2026

BIHAR:शादी के 4 दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार, जेवर और 50 हजार नकद ले गई

हेडलाइन:
मोतिहारी में शादी के 4 दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार, जेवर और 50 हजार नकद ले गई

मोतिहारी। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मझार गांव में शादी के महज चार दिन बाद एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। पीड़ित पति भानु शर्मा ने इस मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि दुल्हन ससुराल और मायके के जेवरात के साथ करीब 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई।

भानु शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी शादी 20 फरवरी 2026 को संग्रामपुर थाना क्षेत्र के इंद्रगाछी गांव निवासी लक्की कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। 21 फरवरी को विदाई के बाद वह दुल्हन को अपने घर मझार गांव ले आए, जहां परिवार ने उसका विधिवत स्वागत किया।

मायके के युवक के साथ हुई फरार

आरोप के अनुसार 24 फरवरी को दुल्हन ने कॉलेज में आवश्यक कार्य होने की बात कहकर पति के साथ शहर जाने की बात कही। मोतिहारी पहुंचने के बाद कॉलेज गेट पर पति को खड़ा कर वह अपने मायके के एक युवक के साथ फरार हो गई।

पीड़ित पति ने यह भी बताया कि पिछले तीन वर्षों से उसका लक्की कुमारी के साथ संपर्क था और दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी। उसने दावा किया कि दुल्हन की तबीयत ठीक रखने के लिए वह हर महीने पैसे भेजता था और अब तक करीब सात से आठ लाख रुपये खर्च कर चुका है।

हालांकि, शादी के दिन जयमाल के दौरान दुल्हन का व्यवहार कुछ बदला हुआ लगा था, लेकिन उस समय किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ।

रविवार को बुलाई जाएगी पंचायत

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत का दौर शुरू हो गया है। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार, रविवार को इस मामले को लेकर फिर से पंचायत बुलाई जाएगी। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष ने दुल्हन के फरार होने की बात स्वीकार करते हुए उसकी छोटी बहन से शादी का प्रस्ताव रखा है, हालांकि लड़का पक्ष ने अब तक इस पर सहमति नहीं दी है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।