Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में घर से 158 ग्राम स्मैक बरामद:2.13 लाख कैश भी जब्त; मौके से तस्कर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, February 14, 2026

पूर्णिया में घर से 158 ग्राम स्मैक बरामद:2.13 लाख कैश भी जब्त; मौके से तस्कर फरार


पूर्णिया में पुलिस ने एक घर से 158 ग्राम स्मैक बरामद किया है। कीमत 3 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस खेप के साथ 2.13 लाख कैश भी बरामद किया है। अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गया।


फरार तस्कर की पहचान खाताटोली निवासी मो. अकमल के रूप में हुई है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामला रौटा थाना क्षेत्र के खाताटोली वार्ड-5 से जुड़ा है।

 
पीछे के रास्ते से तस्कर भाग निकला


रौटा थानाध्यक्ष के. के सौरभ ने बताया कि सूचना मिली थी कि मो. अकमल ने अपने घर में बिक्री के लिए भारी मात्रा में स्मैक छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही एसपी को जानकारी दी गई। एसपी स्वीटी सहरावत के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जैसे ही घर की घेराबंदी की, आरोपी पीछे के रास्ते से भाग निकला।

तलाशी के दौरान लकड़ी की अलमारी से दो सफेद कागज में रखे 2 लाख 13 हजार 600 रुपए कैश बरामद हुए। इसमें 500, 200 और 100 रुपए के नोट शामिल थे। पुलिस का मानना है कि ये कैश स्मैक की बिक्री से कमाया गया था। पुलिस ने प्लास्टिक के पैकेट से 158.480 ग्राम स्मैक बरामद किया।

तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

छापेमारी टीम में अपर थानाध्यक्ष कुमार गौतम, एसआई समीर कुमार पांडेय, पीटीसी दिलीप कुमार हिमांशु और महिला सिपाही ममता कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।