Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा:घर में लगी आग से आर-15, बुलेट और ई-रिक्शा जलकर राख - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 6, 2026

सहरसा:घर में लगी आग से आर-15, बुलेट और ई-रिक्शा जलकर राख

सहरसा/सोनवर्षा। प्रखंड क्षेत्र के पड़रिया पंचायत अंतर्गत मैना गांव में गुरुवार की रात अज्ञात कारणों से लगी आग में एक ही परिवार के तीन वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुटे और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहनों को बचाया नहीं जा सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़रिया पंचायत के मैना गांव स्थित मैना महादलित टोला निवासी अरविंद सादा के बांस-खड़ से बने कच्चे घर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में खड़ी एक आर-15 बाइक, एक बुलेट बाइक और एक ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर बेकार हो गए। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और सभी वाहन जल चुके थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि निजी रंजिश के चलते किसी ने आग लगाई हो सकती है, हालांकि पीड़ित गृहस्वामी ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।

इस संबंध में काशनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार ने बताया कि घटना को लेकर अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।