हेडलाइन:
मैट्रिक की परीक्षा से पहले बुझ गया सपना: तेज रफ्तार हाइवा ने साइकिल सवार किशोरी को कुचला, मौके पर मौत
पूरी खबर:
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के दिवानगंज में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा ने साइकिल से जा रही किशोरी को रौंद दिया। मृतका की पहचान चिलौनी दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या–2, दीवानगंज गांव निवासी शिवराम साह की पुत्री सुलेखा कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुलेखा इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने वाली थी। बुधवार को वह अपने एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जेरॉक्स कराने के लिए साइकिल से प्रतापगंज बाजार जा रही थी। उसके पिता भी दूसरी साइकिल पर उसके साथ चल रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार हाइवा ने सुलेखा को कुचल दिया। यह भयावह दृश्य उसके पिता की आंखों के सामने हुआ, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा को पकड़ लिया और सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। सड़क किनारे खड़े वाहन की वजह से घंटों यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर प्रतापगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने वाहन और शव को कब्जे में लेकर लोगों को न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया।
प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। एक होनहार छात्रा, जो परीक्षा की तैयारी में जुटी थी, उसकी असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।