Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा स्टेशन पर बन रहा कोसी डिवीजन का पहला मॉडर्न रेल कोच रेस्टोरेंट, मार्च 2026 तक होगा शुरू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, January 14, 2026

SAHARSA:सहरसा स्टेशन पर बन रहा कोसी डिवीजन का पहला मॉडर्न रेल कोच रेस्टोरेंट, मार्च 2026 तक होगा शुरू

 


सहरसा स्टेशन पर बन रहा कोसी डिवीजन का पहला मॉडर्न रेल कोच रेस्टोरेंट, मार्च 2026 तक होगा शुरू

सहरसा। रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। कोसी डिवीजन का पहला आधुनिक रेल कोच रेस्टोरेंट पूर्वी मध्य रेलवे के सहरसा स्टेशन पर बनाया जा रहा है। इस रेस्टोरेंट का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यह स्टेशन के नए मुख्य प्रवेश द्वार के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित होगा, ताकि यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों को भी इसकी सुविधा मिल सके।

मार्च 2026 तक खुलेगा रेस्टोरेंट

जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट के इंटीरियर डिजाइन का कार्य बेंगलुरु स्थित एक कंपनी को सौंपा गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह रेस्टोरेंट मार्च 2026 तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। यहां 24 घंटे स्थानीय व्यंजनों के साथ-साथ देशभर के लोकप्रिय भारतीय व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।

इस परियोजना का संचालन सहरसा की कंपनी ‘प्रकाश लॉन्ड्री सर्विस’ द्वारा किया जा रहा है। कंपनी के मालिक प्रकाश मिश्रा के मुताबिक, यह कैंटीन पूरी तरह मजबूत कांच से निर्मित होगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित माहौल मिलेगा।

एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी

इस मॉडर्न रेल कोच रेस्टोरेंट को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यहां आने वाले लोगों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव हो। कांच से बने होने के कारण यहां बैठकर खाना खाते समय खुले वातावरण जैसा अहसास मिलेगा। रेस्टोरेंट में बैठने की उचित व्यवस्था, वॉशरूम, सेल्फी प्वाइंट समेत कई अन्य सुविधाएं मौजूद रहेंगी।

इंडियन के साथ चाइनीज फूड का विकल्प

यहां आने वाले लोग विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इंडियन फूड के साथ-साथ चाइनीज फूड का भी विकल्प उपलब्ध रहेगा। खास बात यह है कि होम डिलीवरी और ऑनलाइन फूड बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी, ताकि स्टेशन के बाहर रहने वाले लोग भी इसका लाभ उठा सकें।

मॉडर्न रेल कोच रेस्टोरेंट के बनने से सहरसा स्टेशन की पहचान और भी खास बनेगी और यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।